Home » मध्य प्रदेश » छत्तीसगढ़ » CG: बिलासपुर के कुरदुर में मिले मलेरिया के 6 मरीज, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट

CG: बिलासपुर के कुरदुर में मिले मलेरिया के 6 मरीज, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट

बिलासपुर.

जिले के कोटा विकासखंड अंतर्गत ग्राम कुरदुर में शनिवार को मलेरिया के 6 नए मरीज मिलने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया. संक्रमितों में एक बच्चा भी शामिल है, जिसकी स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए सिम्स अस्पताल, बिलासपुर में भर्ती कराया गया है.

अन्य पांच मरीजों का इलाज उनके घर पर ही स्वास्थ्य विभाग की निगरानी में किया जा रहा है. स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, मलेरिया की पुष्टि होने के बाद प्रभावित क्षेत्र में मेडिकल टीम को तत्काल सक्रिय कर दिया गया. टीम द्वारा मरीजों को आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराते हुए नियमित उपचार शुरू कराया गया है. साथ ही गांव में घर-घर जाकर लोगों की स्वास्थ्य जांच की जा रही है, ताकि किसी अन्य व्यक्ति में संक्रमण के लक्षण मिलने पर समय रहते उपचार किया जा सके. वही विभाग की ओर से ग्रामीणों को मलेरिया से बचाव के लिए जागरूक भी किया जा रहा है.

लोगों को मच्छरदानी का नियमित उपयोग करने, घरों और आसपास पानी जमा नहीं होने देने तथा तेज बुखार, ठंड लगना या शरीर दर्द जैसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने की सलाह दी गई है. सीएमएचओ डॉ. शुभा गरेवाल का कहना है कि प्रभावित क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा रही है. आवश्यकतानुसार रक्त जांच, दवा वितरण और फॉगिंग जैसी गतिविधियां भी कराई जाएंगी, ताकि संक्रमण को फैलने से रोका जा सके. विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे स्वास्थ्य टीम का सहयोग करें और किसी भी प्रकार के लक्षण दिखाई देने पर इलाज में देरी न करें.

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर