Home » मध्य प्रदेश » ‘छोटे-मोटे आंदोलनों से देश पर कोई असर नहीं पड़ता’, धार में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का बड़ा बयान

‘छोटे-मोटे आंदोलनों से देश पर कोई असर नहीं पड़ता’, धार में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का बड़ा बयान

अमझेरा/धार.

प्रदेश के नगरीय विकास एवं आवास मंत्री तथा धार जिले के प्रभारी मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने शनिवार को अमझेरा में आयोजित एक पेड़ मां के नाम अभियान में भाग लेने के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए विभिन्न समसामयिक राजनीतिक मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखी।

उन्होंने धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के सवाल से लेकर सीजेपी के आंदोलन और विपक्ष की राजनीति पर प्रतिक्रिया दी। साथ ही पर्यावरण संरक्षण को लेकर पौधारोपण का संदेश देते हुए अमझेरा के शर्मा परिवार द्वारा अपनी माता की स्मृति में पांच हजार पौधे लगाने की पहल की सराहना की। अमझेरा में मीडिया से चर्चा के दौरान प्रभारी मंत्री विजयवर्गीय ने धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को लेकर कहा कि वह काफी पहले से इस्तीफा देने के लिए तैयार थे, लेकिन पार्टी ने उन्हें रोका हुआ था। उन्होंने कहा कि जब सोनम जी ने यह कहा कि वह तभी अपना अनशन समाप्त करेंगे, जब धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा देंगे, तब संभवतः पार्टी ने परिस्थितियों को देखते हुए निर्णय लिया होगा।

सीजेपी के आंदोलन पर प्रतिक्रिया देते हुए विजयवर्गीय ने कहा कि भारत 140 करोड़ लोगों का विशाल देश है, कोई छोटा-सा बांग्लादेश या नेपाल नहीं है कि किसी छोटे आंदोलन से देश प्रभावित हो जाए। उन्होंने कहा कि जैसे कहीं अधिक वर्षा हो जाती है तो कहीं बाढ़ आ जाती है, लेकिन उससे पूरे देश पर कोई प्रभाव नहीं पड़ता। उसी प्रकार छोटे-मोटे आंदोलनों से देश की व्यवस्था या विकास पर कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है। उन्होंने विपक्ष पर भी निशाना साधते हुए कहा कि बंगाल चुनाव के बाद जो लोग निराश हो गए थे, उन्हें सीजेपी के आंदोलन के पीछे खड़े होकर थोड़ी आक्सीजन मिल गई है। विजयवर्गीय ने दावा किया कि केंद्र की मोदी सरकार द्वारा पिछले तीन दिनों में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णयों ने विपक्ष के मंसूबों पर पूरी तरह पानी फेर दिया है। इस दौरान उन्होंने एक पेड़ मां के नाम अभियान को जनभागीदारी से जोड़ते हुए अधिक से अधिक पौधारोपण का आह्वान किया।

उन्होंने अमझेरा के शर्मा परिवार द्वारा अपनी माता की स्मृति में पांच हजार पौधे लगाने के संकल्प की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि व्यापक स्तर पर पौधारोपण होने से तापमान में कमी आएगी, भूजल स्तर बढ़ेगा तथा पर्यावरण संरक्षण को मजबूती मिलेगी।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर